एकल श्रीहरि को समर्पित ‘गौ धाम’ का गृह प्रवेश 10 अगस्त 2022 को परम पूज्य गुरुमां गीता भारती, दीदी मां साध्वी ऋतम्भरा और एकल अभियान के अभिभावक श्यामजी गुप्त की उपस्थिति में संपन्न हुआ। ‘गौ धाम’ का निर्माण भगवान श्रीकृष्ण की पवित्र नगरी वृन्दावन में परिक्रमा मार्ग, पानीघाट में किया गया है।
ज्ञातव्य है कि एकल हरि ने गौवंश के संरक्षण और संवर्धन के लिए ‘गौ ग्राम योजना’ प्रारंभ की है। योजना का मूल मंत्र है – “गाय का घर किसान का घर”।
गाय भारत की संस्कृति है। हम गाय को मां की तरह पूजते हैं, लेकिन बूढ़ी, अपाहिज, बिनदुधारू गाय को अनुपयोगी समझ कर मरने के लिए छोड़ दिया जाता है, या कसाई को बेच दिया जाता है। गाय की इस दुर्दशा को देखते हुए एकल श्रीहरि ने गौ ग्राम योजना के माध्यम से गाय को किसान के घर पहुंचाने का संकल्प लिया है।
गौ ग्राम योजना के अध्यक्ष श्रीनारायण अग्रवाल ने बताया कि अब तक 60 गाय किसान के घर पहुंचाई जा चुकी हैं। शीघ्र ही 8 हज़ार किसान परिवारों में गाय पहुंचा दी जाएगी। इन गायों को किसान न छोड़ें इसलिए गाय के गोबर और गोमूत्र से उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। इसके साथ ही ग्रामीण महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य को लेकर ग्रामीण महिलाओं को गोबर के उत्पाद बनाना सिखाकर उन्हें स्वावलंबी बनाया जा रहा है।
श्रीनारायण अग्रवाल ने बताया कि ‘गौ धाम’ गौ ग्राम योजना के मुख्यालय के रूप में कार्य करेगा।
योजना के उद्देश्यों से लोगों को अवगत कराने के लिए ‘गौ ग्राम योजना’ पुस्तक का विमोचन भी किया गया।
गौ रथ
इसी अवसर पर गौ ग्राम योजना के प्रचार प्रसार के लिए योजना के अध्यक्ष श्री नारायणा अग्रवाल ने बहुउद्देशीय ‘गौ रथ’ योजना को समर्पित किया। ये पहला गौ रथ है जो एक एम्बुलेंस की तरह बनाया गया है। गौ रथ में गाय को पशु चिकित्सालय पहुंचाने के लिए हाइड्रोलिक मशीन की व्यवस्था भी है। गौ रथ द्वारा गांव – गांव घूमकर गाय का महत्त्व, गौ आधारित खेती और गौ उत्पाद के बारे में किसानों को बताया जाएगा।
इस अवसर पर एकल श्रीहरि के कार्यकर्ता, विद्वजन सहित देश भर से आए गणमान्य अतिथि उपस्थित थे।